गुरु सिंधु जलप्रपात

गुरु सिंधु जलप्रपात प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर एक अनमोल धरोहर है

blog-details

गुरु सिंधु जलप्रपात

गुरु सिंधु जलप्रपात, गढ़वा जिले के चिनिया प्रखंड से लगभग 15 किलोमीटर दूर चपकली गांव के समीप, झारखंड और छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित है। यह जलप्रपात प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर एक अनमोल धरोहर है। कनहर नदी पर स्थित इस झरने की ऊंचाई लगभग 200 फीट है, जहां से गिरता पानी सफेद झाग के रूप में दिखाई देता है, मानो दूध की नदी बह रही हो। जलप्रपात की आवाज इतनी तेज होती है कि इसे दूर से ही सुना जा सकता है। यहां का शांत और शुद्ध वातावरण, चारों ओर फैली हरियाली, और कल-कल करती नदी की आवाज यहाँ आने वालों को मानसिक शांति और सुकून प्रदान करती है।

यह क्षेत्र प्राकृतिक रूप से अलौकिक है। जलप्रपात के आसपास की चट्टानें हल्के गुलाबी रंग की हैं, जो दूर से बहुत आकर्षक दिखाई देती हैं। यहां कोई आबादी या ट्रैफिक का शोर नहीं है, बस प्रकृति की शुद्ध ध्वनि और जलप्रपात की गूंज यहां की शांति में डूबने का अनुभव कराती है।

हालांकि जलप्रपात तक पहुंचने का रास्ता थोड़ा दुर्गम है। तीन किलोमीटर तक का रास्ता जंगली क्षेत्र से होकर गुजरता है, और जलप्रपात स्थल से पहले एक नदी को पार करना पड़ता है। इसके बावजूद, यहाँ की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को आकर्षित करती है, जो कठिन रास्तों को पार कर इस स्थल तक पहुंचते हैं और प्रकृति के इस अद्वितीय दृश्य का आनंद लेते हैं।